
उरई (जालौन)। उरई कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक डेकोरेशन कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, करमेर रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान 23 वर्षीय प्रमोद सैनी, जो संभल का रहने वाला था, अपने साथियों के साथ सजावट का काम कर रहा था। सजावट के दौरान गेस्ट हाउस के गेट पर नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन का तार उसके सिर से छू गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
करंट लगते ही प्रमोद नीचे गिर पड़ा। आनन-फानन में साथी उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि प्रमोद अपने साथियों के साथ किराए के मकान में रहकर शादी समारोहों में डेकोरेशन का काम करता था।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेस्ट हाउस के बाहर हाईटेंशन लाइन लंबे समय से नीचे झूल रही थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसका खामियाजा एक युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।


