सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल में नवदुर्गा पूजन कार्यक्रम उल्लास और श्रद्धा के साथ हुआ संपन्न

बबलू सेंगर महिया खास
जालौन(उरई)। नवरात्र के पहले दिन सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल में नवदुर्गा पूजन कार्यक्रम उल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के अध्यक्ष ने देवी मां के स्वरूप में बच्चियों का पूजन किया।
विद्यालय परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत कलश स्थापना और देवी मां की आराधना से की गई। विद्यालय की नन्ही-नन्ही छात्राओं को माता के नौ स्वरूपों के रूप में सजाया गया। इन बालिकाओं को शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कालरात्रि, स्कंदमाता, महागौरी आदि स्वरूपों में सजाया गया था। देवी मां के विभिन्न रूपों में सुसज्जित बच्चियों को देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो उठा। इसके बाद पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ नवदुर्गा रूप में सजी छात्राओं का पूजन किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल ने माता की आरती उतारी और पूजन कर माता रानी को भेंट अर्पित की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व ही नहीं बल्कि समाज में नारी शक्ति और सम्मान का प्रतीक है। नन्ही छात्राओं को दुर्गा स्वरूप मानकर पूजन करना भारतीय संस्कृति की गहराई और परंपरा को जीवंत करता है। इस कार्यक्रम में अनीता द्विवेदी, माला गुप्ता, सरिता कुशवाहा, महादेवी कुशवाहा, संगीता अग्रवाल, महिमा, सोनम सोनी और हेमलता आदि ने भी विद्यालय पहुंचकर माता रानी का पूजन किया और आरती उतारी। महिलाओं ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उन्हें शिक्षा और संस्कारों से सशक्त बनने की प्रेरणा दी।



