जालौन(उरई)। मोरों के बीच हो रही लड़ाई में एक मोर गांव के कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने कुएं में उतरकर मोर को बचा लिया। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम मोर का उपचार करा रही है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कैंथ में दोपहर करीब 12 बजे दो मोर आपस में लड़ रहे थे। लड़ाई के दौरान ही एक मोर कुएं में गिर गया। कुएं में पानी होने के चलते मोर कुएं से बाहर नहीं आ पाया और उसी में छटपटाता रहा। जब ग्रामीणों ने कुएं में आवाज सुनी तो ग्रामीण वहां पहुंचे। मोर का कुएं में देखकर पूर्व प्रधान बृजमोहन भास्कर ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। गांव के ही मुरारी दोहरे पुत्र रामकिशोर व रामगोविंद पुत्र सुखराम कुएं में उतरे और लगभग एक घंटे के प्रयास के बाद राष्ट्रीय पक्षी को जीवित कुएं से बाहर निकाल लिया। जिसकी सभी लोगों ने सराहना की। बाद में कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम राष्ट्रीय पक्षी को अपने साथ अस्पताल ले आई। जहां डॉक्टरों की देखरेख में मोर का उपचार चल रहा है।