अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों के निजीकरण के खिलाफ एवं लंबित वेतन पुननिर्धारण को लेकर ऑल इंडिया इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन के आवाहन पर भारतीय जीवन बीमा निगम की स्थानीय शाखा में कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान एलआईसी में कामकाज प्रभावित हुआ।
भारतीय जीवन बीमा निगम की स्थानीय शाखा में ऑल इंडिया इंश्योरेंस एंप्लाइज एसोसिएशन के आवाहन पर कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कानपुर डिविजन एंप्लाइज एसोसिएशन के स्थानीय अध्यक्ष कामरेड सुशील कुशवाहा एवं सचिव कामरेड अफसर अहमद के नेतृत्व में शाखा कर्मचारियों ने शाखा के गेट पर ताला डालकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। अध्यक्ष सुशील कुशवाहा ने कहा कि सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों का निजीकरण करना चाहती है। जबकि बीमा कंपनियां राजस्व जुटाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बाद भी कर्मचारियों के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार एलआईसी का आईपीओ लाना चाहती है जो स्वीकार नहीं है। सचिव अफसर अहमद ने कहा कि विगत 5 वर्षों से लंबित वेतन और उनके पुननिर्धारण को लेकर भी सरकार विचार नहीं कर रही है। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय है। कर्मचारियों का लंबित वेतन और उसका पुननिर्धारण किया जाए। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। दो दिवसीय हड़ताल के चलते पॉलसी धारकों और एजेंटों को बिना काम हुए ही वापस लौटना पड़ा। हड़ताल में बीनू पंडित, नरेंद्र कुमार, रिजवान अहमद, रामकुमार, अबरार अहमद, अमित, विमल कुमार, शेखर श्रीवास्तव, गजेंद्र कुमार, रामकुमार आदि ने सहयोग किया।



