अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। लगभग दो माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता जल गई थी। जिसका इलाज चल रहा था। 22 मार्च को विवाहिता की मौत हो गई। उक्त मामले में विवाहिता की मां ने ससुरालियों को दहेज की मांग करने और न देने पर उनकी पुत्री को मार देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चुर्खी थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मी देवी बेवा चंद्रभान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सोनम की शादी 23 नवंबर 2016 को नगर क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी अमित कुमार के साथ अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर की थी। शादी के बाद से ही उसकी ससुराल के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में 4 लाख रुपयों की मांग कर रहे थे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उन्होंने पुत्री को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जब पुत्री उन्हें प्रताड़ना के बारे में बताती तो वह उसे समझाती कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। इस दौरान दो तीन बार परिवार व रिश्तेदारोंने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया। समझाने के बाद कुछ समय तक तो सब ठीक रहता है। इसके बाद फिर वह पुत्री को परेशान करना शुरू कर देते। मां ने आरोप लगाया कि बेवा होने के चलते जब वह उनकी मांग पूरी नहीं कर सकी तो लगभग 2 माह पूर्व उन्होंने पुत्री को जला दिया। बाद में वह उसे इलाज के लिए ले गए। जिससे वह बच गई। जब पुत्री के जलने के बारे में उन्होंने ससुरालियों से पूछा तो उन्होंने कुछ न बताया। अभी इलाज के बाद ठीक होकर पुत्री घर आ गई थी और ससुराल में ही थी। तभी 22 मार्च को ससुरालियों ने फोन पर सूचना दी कि उनकी पुत्री की मृत्यु हो गई है। जब देवर हरीमोहन, विनोद व श्रीकिशुन वहां पहुंचे तो ससुराल के लोग पुत्री का दाह संस्कार कर रहे थे। महिला का आरोप है कि जब पुत्री की मौत के बारे में जानकारी की तो पता लगा कि जलकर बचने के बाद उससे पीछा छुड़ाने के लिए उसकी ससुराल के लोगों ने फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पीड़ित मां ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उक्त संदर्भ में कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।