व्यापारियों की समस्याओं पर त्वरित समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश – जिलाधिकारी
जाम, अतिक्रमण और सड़क चौड़ीकरण पर निर्णायक पहल, जनपद में सुगम व्यापारिक माहौल की ओर कदम

उरई (जालौन)। जनपद में व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बन्धु, उद्योग बन्धु एवं श्रम बन्धु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि व्यापार और उद्योग से जुड़े हर मुद्दे का समाधान प्राथमिकता के आधार पर, समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में बेहतर व्यावसायिक वातावरण विकसित हो सके।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने मोनी मंदिर के आगे स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उरई को निर्देशित किया कि वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम बनाई जा सके। राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक सड़क की कम चौड़ाई के कारण उत्पन्न हो रही दिक्कतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही राठ रोड उरई में धान मिल से हाईवे तक दोनों ओर नाले के निर्माण की मांग पर नगर पालिका द्वारा अपेक्षित कार्य न किए जाने पर अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया। जनसुविधाओं के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण देते हुए, एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय में पूर्व में ताला लगे रहने की शिकायत का त्वरित संज्ञान लिया गया, जिस पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अधिशासी अधिकारी द्वारा शौचालय को संचालित कर समस्या का समाधान किया गया। कालपी बाजार में अतिक्रमण की समस्या पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि विशेष अभियान चलाकर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि व्यापारियों और आमजन को राहत मिल सके। वहीं कालपी गल्ला मंडी में बालू के ट्रकों के खड़े होने से हो रही असुविधा पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब ट्रकों को मंडी क्षेत्र में खड़ा नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए पृथक होल्डिंग एरिया विकसित किए जाने हेतु प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। शहर में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी क्षेत्र में अंधेरा न रहे तथा जहां भी स्ट्रीट लाइट खराब हों, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। जिला उद्योग बन्धु की बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक का मूल उद्देश्य समस्याओं की समीक्षा भर नहीं, बल्कि उनके प्रभावी निस्तारण को सुनिश्चित करना है, जिससे जनपद में उद्योगों को प्रोत्साहन मिले और निवेश का वातावरण सुदृढ़ हो। बैठक में श्रम बन्धु से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई और श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास केके सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, उपयुक्त सचिव जिला स्तरीय व्यापार बंधु अमित यादव, उपयुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (प्रथम एवं द्वितीय), लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी साथ ही जनपद के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।



