संपूर्ण समाधान दिवस में 34 में से 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
जनसुनवाई के साथ आयुष्मान कार्ड बनाए, संचारी रोग नियंत्रण व व्यवस्थाओं पर सख्त निर्देश

उरई(जालौन)। तहसील कौंच के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। इस दौरान कुल 34 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासन की तत्परता का उदाहरण भी देखने को मिला, जहां कैलाशी देवी एवं रामसेवक का प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनवाया गया, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ तुरंत मिल सका। जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि गांव-गांव और शहर-शहर एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग नियमित रूप से कराई जाए, ताकि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सूख चुके तालाबों को नहरों के माध्यम से भरने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने गौशालाओं में हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल एवं पर्याप्त छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि निराश्रित गौवंश को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों के लिए छाया, पेयजल, तौल व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए एक ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक, सीओ परमेश्वर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीडीओ निशान्त पाण्डेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



