पोषण पखवाड़ा के साथ नारी शक्ति वंदन अभियान की गूंज, आंगनबाड़ी केंद्र लहरियापूर्वा में महिलाओं को किया गया जागरूक
पोषण, स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान

उरई(जालौन)। आंगनबाड़ी केंद्र लहरियापूर्वा व सुशील नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ विमलेश आर्य ने पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत महिलाओं को संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव के प्रति विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के लिए उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है, जिससे स्वस्थ समाज की नींव मजबूत होती है। इस अवसर पर उन्होंने नारी शक्ति वंदन अभियान/विधेयक के बारे में भी महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं को अब समाज और देश के निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी मिल रही है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को स्वच्छता, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण युक्त आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं का लाभ लेकर वे अपने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने जागरूकता संदेश को आत्मसात करते हुए स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।



