बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन(उरई)। नगर में प्रतिदिन निकलने वाला 20 टन कूड़ा स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में बाधक बन रहा है। नगर में डम्पिंग ग्राउंड (कूड़ा घर) न होने के कारण इस कूड़ा को सड़क किनारे फेका जाता था। सड़क किनारे डलने कूड़ा की बदबू लोगों के लिए परेशान का कारण बनती थी तथा क्लीन जालौन ग्रीन जालौन के सपने को साकार होने में बाधक थी। नगर पालिका ने क्लीन जालौन ग्रीन जालौन के सपने को सच करने के लिए लौना मार्ग पर कूड़ा घर के साथ कूड़ा को उपयोगी बनाने के लिए प्लांट लगा रही है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिषद ने नगर की दक्षिणी सीमा लौना मार्ग पर एक जगह को सुनिश्चित किया है। यहां पर नगर पालिका द्वारा कूड़ा निष्पादन के लिए प्लांट लगाया जा रहा है। लगभग 2550 वर्गमीटर में यह प्लांट लगाया जा रहा है। इस प्लांट को 3 भागों में बांटा गया है। एक हिस्सा में नगर से निकलने वाले लगभग 20 टन कूड़ा को एकत्रित किया जायेगा। दूसरे भाग में कूड़ा को दो भागों में बांटा जायेगा। सूखा कूड़ा व गीला कूड़ा। दोनों को कूड़ा से कूड़ा की छटनी की जायेगी। एक तरफ ऐसा कूड़ा निकाला जायेगा जिसकी रीसाइक्लिंग की जा सकेगी। जैसे प्लास्टिक आदि। दूसरा वह कूड़ा जिससे कम्पोस्ट खाद बनायी जा सके। छटनी के बाद कूड़ा को तीसरे चरण में ले जाया जायेगा। जहां पर कम्पोस्ट खाद या उपयोगी वस्तुएँ बनायी जायेगीं।
कचरा से बनेगी उपयोग वस्तुएं
जालौन । स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी रविन्दर सलूजा ने बताया कि कूड़ा से एक ओर जहां कम्पोस्ट खाद बनायी जायेगी वहीं दूसरे ओर कूड़ा से मिलने वाली प्लास्टिक आदि से दैनिक उपयोग की वस्तुओं को भी बनाने की योजना है। इसके लिए प्रयास किये जा रहे।
प्लांट लगाने का आधा काम पूर्ण हुआ
जालौन। सफाई निरीक्षक देवेन्द्र कुमार ने बताया कि लौना मार्ग पर कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाया जा रहा है। 2550 वर्गमीटर में लगने वाले का प्लांट का काम तेजी से चल रहा है। 32 लाख 67 हजार की लागत से बन रहे प्लांट का काम लगभग आधा हो गया है। मशीन लगने का काम शेष रह गया है।
नगर का कूड़ा नगर पालिका के लिए बनेगा आय का स्रोत
जालौन। कूड़ा के नाम से ही लोगों का मुंह सिकुड़ने लगता है। घर से निकलने वाले कूड़ा को कोई छूना तक पसंद नहीं करता है। अब यहीं कूड़ा नगर पालिका का आय का स्रोत बनने जा रहा है। प्लांट लगने के बाद कूड़ा से बनने वाली कम्पोस्ट खाद व रीसाइक्लिंग से बनने वाला कच्चा माला नगर पालिका के लिए आय का स्रोत बनेगा तथा नगर को स्वच्छ बनायेगा।
नगर को साफ साफ सुथरा बनाने के लगातार प्रयास किये जा रहे। कूड़ा निस्तारण केन्द्र बनने से नगर को साफ रखने सहूलियत मिलेगी। इससे शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रयास चल रहा है। पालिका अध्यक्ष गिरीश गुप्ता