
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। सहाव रजवहा की पुलिया क्षतिग्रस्त होकर टूट चुकी है। कई बार शिकायतों के बाद भी पुलिया का निर्माण न होने से गांव के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में परेशान होना पड़ रहा है। परेशान किसानों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर पुलिया बनवाने की मांग की है।
सहाव गांव निवासी किसान संजय कुमार चतुर्वेदी, संजीव साहू, रामू साहू, कौशल साहू, कृपाराम वर्मा, ठाकुर प्रसाद वर्मा, दिनेश, अरूण कुमार चतुर्वेदी, मुरानी साहू, चंदन, श्याम किशोर, विकास चतुर्वेदी आदि ने एसडीएम विनय मौर्य को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके खेत सहाव रजवाहा के दूसरी ओर है। उनके खेतों तक पहुंचने के लिए रजवाहा पर पुलिया बनी थी। जो जीर्णशीर्ण होकर समाप्त हो चुकी है। अब उन्हें रजवाहा के पानी मंे घुसकर अपने खेतों तक पहुंचना पड़ता है। जब रजवाहा में पानी होंता है तो परेशानी बढ़ जाती है। कृषि उपकरणों को भी ले जाने में परेशानी होती है। इस पुलिया को बनवाने के लिए वह कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। अब तक पुलिया का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। जिसके चलते किसान परेशानी उठा रहे हैं। उन्होंने किसानों के हित में एसडीएम से पुलिया का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।