अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। शनिधाम गूढ़ा में आयोजित श्रीशनि अनुष्ठान महायज्ञ का शुभारंभ शनिवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में भक्ति गीतों की धुनों पर झूम, झूमकर नाच रहे श्रृद्धालुओं ने नगर भ्रमण किया तथा जयकारे लगाए। गूढ़ा में स्थित श्रीशनि धाम स्थल पर श्रीशनि अनुष्ठान महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को महायज्ञ के शुभारंभ पर नगर भ्रमण करते हुए कलश यात्रा निकाली गई। प्रातः शुभ मुहूर्त की बेला में संरक्षक जमुनादास जी महाराज की उपस्थिति में यज्ञ-स्थल से कलश-यात्रा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा खंडेराव से देवनगर चैराहा, कोतवाली रोड, तहसील रोड, बस स्टैण्ड रोड से झंडा चैराहे होते हुए बड़ी माता व छोटी माता मंदिर से सब्जी मंडी होते हुए पुनः कथा स्थल तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने पूजन कर पवित्र जल से भरे अपने कलशों को सिर पर रखकर नगर का भ्रमण किया। कलश यात्रा में काफी संख्या में महिला पुरूष भक्तों ने भाग लिया। वहीं, भक्ति-गीतों की धुनों पर श्रृद्धालु भक्तजन नारे लगाते हुए भक्ति भाव से झूम रहे थे। वहीं यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर वृंदावन से पधारे यज्ञाचार्य पं. निखिल कृष्ण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञाहूतियां दिलाकर यज्ञ का शुभारंभ कराया।