कोंच

चुनावी विवाद में सत्रह लोगों पर पुलिस ने की निरोधात्मक कार्यवाही

कोंच(जालौन)। नगर के गांधीनगर इलाके में पिछले दिनों दो पक्षों में हुए लड़ाई झगड़े के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 17 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की है। सभी 17 लोगों को दो-दो लाख रुपए से पाबंद करने की नोटिस भेजे गए। इसके अलावा चार लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है।
विदित हो कि रविवार को नगर के गांधीनगर इलाके में ‘वोट किसे दिया‘ को लेकर दो पक्षों में बड़ा झगड़ा हुआ था जिसमें जमकर लाठी डंडे चले थे। झगड़े में एक पक्ष के कई लोग चुटहिल हुए थे। पिटे पक्ष ने हमलावर पक्ष पर छेड़छाड़, गालीगलौज और मारपीट के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले की वादी भोली की तहरीर पर चार लोगों इंद्र पाल, धीरू, छोटू और महेंद्र के खिलाफ मंगलवार को मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली थी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में एक और बड़ी कार्यवाही की है। प्रभारी कोतवाल वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के 17 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की गई है और सभी को दो-दो लाख से पाबंद करने के नोटिस भेजे गए हैं।

Related Articles

Back to top button